'मेरी बच्ची भूखी न रह जाए': 17 दिन की नवजात को 'दान' करने अस्पताल पहुंची लाचार मां, मामला जान पसीजा पुलिस का दिल

'मेरी बच्ची भूखी न रह जाए': 17 दिन की नवजात को 'दान' करने अस्पताल पहुंची लाचार मां, मामला जान पसीजा पुलिस का दिल

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ममता और गरीबी के दर्द की एक ऐसी दास्तां सामने आई है, जिसने पुलिस और प्रशासनिक अमले तक को भावुक कर दिया। क्वार्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 35 वर्षीय मां अपनी महज 17 दिन की मासूम बच्ची को गोद में लेकर गुरुवार शाम जवां थाना इलाके के एक निजी अस्पताल पहुंच गई। महिला का कहना था कि वह अपनी बेटी को 'दान' करना चाहती है, ताकि उसे भरपेट खाना और अच्छी परवरिश मिल सके। अस्पताल प्रबंधन ने जब यह बात सुनी तो उन्हें बच्चा बेचने का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं और नवजात को थाने ले आई, जहां पूछताछ के दौरान सामने आई हकीकत ने खाकी की आंखें भी नम कर दीं।

जांच में पता चला कि महिला की शादी को 15 साल हो चुके हैं और उसके पहले से ही चार बच्चे (दो बेटे और दो बेटियां) हैं। पति शराब का आदी है और कोई काम नहीं करता, जिससे पूरा परिवार भीषण आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है। 2 नवंबर को मलखान सिंह जिला अस्पताल में पांचवीं संतान के रूप में इस बच्ची का जन्म हुआ था। जन्म के बाद से ही मां के जेहन में यह खौफ सता रहा था कि वह अपनी नवजात को भूखा कैसे देखेगी। महिला किसी अनाथालय में बच्ची को सौंपना चाहती थी ताकि उसे बेहतर भविष्य और भोजन मिल सके। इसी दौरान किसी के गलत मार्गदर्शन के चलते वह अनाथालय समझकर जवां स्थित निजी अस्पताल पहुंच गई थी, जिसे डॉक्टरों ने गलत समझ लिया।

थाने में महिला की पूरी व्यथा सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझा। सीओ तृतीय सर्वम सिंह के मुताबिक, मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर और चाइल्डलाइन की टीमों को शामिल किया गया। लंबी काउंसिलिंग और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के बाद देर रात बच्ची को सुरक्षित रूप से उसकी मां की ही गोद में सौंप दिया गया। प्रशासनिक स्तर पर परिवार को सरकारी योजनाओं और जरूरी मदद मुहैया कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।