यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का सबसे बड़ा दांव: मांग लीं 200 सीटें, अखिलेश यादव के उड़े होश!
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की सड़कों पर रातोंरात लगे एक राजनीतिक पोस्टर ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। कांग्रेस की ओर से लगाए गए इस बड़े होर्डिंग पर साफ शब्दों में लिखा है—‘200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा।’ इस पोस्टर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ-साथ इमरान मसूद और आराधना मिश्रा जैसे दिग्गज नेताओं के चेहरे प्रमुखता से नजर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की औपचारिक बातचीत शुरू होते ही कांग्रेस ने 200 सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी ठोक दी है, जिससे गठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग का पेंच फंसता दिख रहा है।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, कांग्रेस ने 175 से 200 विधानसभा क्षेत्रों की एक शुरुआती सूची सपा नेतृत्व को सौंप दी है। उनका कहना है कि इन सीटों पर पार्टी का संगठन मजबूत है और वह प्रभावी मुकाबला करने में सक्षम है। दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व बहुत जल्द एक साझा मंच पर बैठकर हर एक सीट के समीकरणों पर गहन विचार-विमर्श करेगा। हालांकि, सपा खेमे से इस पर बेहद नपी-तुली और सख्त प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा के वरिष्ठ नेताओं का साफ कहना है कि अखिलेश यादव का रुख स्पष्ट है—सीट बंटवारे का एकमात्र पैमाना 'जीतने की क्षमता' (विनेबिलिटी) होगा। सपा नेताओं ने यह भी याद दिलाया कि 1989 के बाद से सूबे में कांग्रेस का जनाधार लगातार सिमटा है और 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी महज दो सीटों पर सिमट कर रह गई थी, इसलिए जमीनी हकीकत देखकर ही फैसला लिया जाएगा।