UP में SSP दफ्तर के बाहर किन्नरों का महाबवाल: कपड़े उतारकर सड़क पर बैठे, गाड़ियों की छतों पर चढ़कर काटा हंगामा
उत्तर प्रदेश के झांसी में शनिवार को किन्नरों के एक गुट ने इलाके के वर्चस्व को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरकर जमकर उत्पात मचाया। नवाबाद थाना क्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के बाहर हुए इस उग्र प्रदर्शन के दौरान किन्नरों ने न केवल कपड़े उतारकर विरोध जताया, बल्कि मुख्य मार्ग पर बैठकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। प्रदर्शनकारी इतने बेकाबू हो गए कि वे बीच सड़क पर खड़ी कारों की छतों पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार को लात मारने की घटना भी सामने आई। अचानक हुए इस भारी हंगामे से प्रशासनिक महकमे और आम राहगीरों के बीच करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस पूरे बवाल की जड़ नवाबाद इलाके में रहने वाले अभिषेक उर्फ अंशिका किन्नर और दूसरे गुट के बबली नायक उर्फ गोलू के बीच वसूली क्षेत्र को लेकर चल रहा पुराना विवाद है। बीते बुधवार को जब दोनों पक्ष शिकायत लेकर नवाबाद थाने पहुंचे थे, तब विवाद के दौरान अंशिका किन्नर ने तैश में आकर थाने परिसर में ही फिनायल पी लिया था। गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। अंशिका के पक्ष का आरोप था कि दूसरे गुट ने उनके साथ मारपीट की है और पुलिस मामले में कोई ठोस कानूनी कदम नहीं उठा रही है।
शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अंशिका अपनी मां और साथी किन्नरों के साथ पहले नवाबाद थाने पहुंची। वहां पुलिस की समझाइश से असंतुष्ट होकर पूरा समूह सीधे एसएसपी कार्यालय के बाहर जा पहुंचा और त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर कपड़े उतारकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम और वाहनों पर चढ़ने की खबर मिलते ही नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित किन्नरों को उचित कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाकर सड़क से हटाया और यातायात सुचारू कराया।