गंभीर-अय्यर की बड़ी चूक? अश्विन बोले- वैभव को नहीं, इस खिलाड़ी को खेलना चाहिए था नंबर-3 पर

गंभीर-अय्यर की बड़ी चूक? अश्विन बोले- वैभव को नहीं, इस खिलाड़ी को खेलना चाहिए था नंबर-3 पर

न्यूजीलैंड के विरुद्ध क्राइस्टचर्च में खेले गए टी20 मुकाबले में युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को तीसरे नंबर पर भेजने का टीम मैनेजमेंट का फैसला क्रिकेट विशेषज्ञों के गले नहीं उतर रहा है। पूर्व दिग्गज भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस रणनीतिक बदलाव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि छठे ओवर में नंबर-3 पर बैटिंग करना फिलहाल वैभव सूर्यवंशी के बस की बात नहीं है।

उन्होंने युवा खिलाड़ी की तुलना पानी से बाहर तड़पती मछली से की। अपने छोटे से टी20 करियर में लगातार ओपनिंग करने वाले वैभव को ईशान किशन के चोटिल होने के बाद प्लेइंग इलेवन में मौका तो मिला, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर ने अपनी विनिंग ओपनिंग जोड़ी से छेड़छाड़ न करते हुए उन्हें सीधे नंबर-3 पर धकेल दिया, जिसे समझने में क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ दोनों नाकाम रहे।

क्राइस्टचर्च मुकाबले के बाद आधिकारिक ब्रॉडकास्टर से बातचीत में अश्विन से जब मैच के 'हिट या मिस' खिलाड़ियों पर राय मांगी गई, तो उन्होंने बिना झिझक वैभव को 'मिस' करार दिया। अश्विन ने कहा कि इतने युवा खिलाड़ी के लिए मिस शब्द का इस्तेमाल करना थोड़ा जल्दबाजी लग सकता है, लेकिन मैदान पर जो दिखा वह साफ था कि वह इस अनजान रोल में पूरी तरह असहज थे। अश्विन के मुताबिक, वैभव क्रीज पर लगातार आठ गेंदों तक सिर्फ जोर आजमाइश करते रहे, लेकिन एक बार भी गेंद उनके बल्ले के बीच में सही टाइम नहीं हुई। ऐसे नाजुक वक्त में उन्हें क्रीज पर एक सीनियर बल्लेबाज के मार्गदर्शन की सख्त जरूरत थी, जो पास आकर उन्हें शांत रहने, शरीर के करीब खेलने और गेंद को करीब से देखने की सलाह दे सकता।

अश्विन ने टीम इंडिया के थिंक टैंक को एशियन गेम्स की पुरानी रणनीति याद दिलाते हुए संजू सैमसन की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब एशियन गेम्स के दौरान वीवीएस लक्ष्मण के मार्गदर्शन में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी एक साथ प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने थे, तब संजू सैमसन ने खुद नंबर-3 पर जिम्मेदारी संभाली थी। अश्विन ने गंभीर और टीम मैनेजमेंट को साफ सलाह दी कि अगर भविष्य में भी इन तीनों खिलाड़ियों को एक साथ मैदान में उतारना है, तो अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को ही नंबर-3 की अहम पोजिशन संभालनी चाहिए, न कि किसी युवा ओपनर पर यह दबाव डालना चाहिए।