हाथ में फांसी का फंदा लेकर DM दफ्तर पहुंची महिला नेता! बोली- मुझे जल्लाद बनाओ, मैं लटकाऊंगी मुस्कान को
मेरठ में पतियों की नृशंस हत्या के दो अलग-अलग सनसनीखेज मामलों में अदालत द्वारा मुस्कान रस्तोगी और रविता समेत चार दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद अब एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अखिल भारत हिंदू महासभा की मथुरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने मथुरा के जिलाधिकारी को औपचारिक पत्र लिखकर मांग की है कि वे खुद जल्लाद बनकर इन दोनों दोषी महिलाओं को फांसी के फंदे पर लटकाना चाहती हैं। हाथ में फांसी का फंदा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं मीरा राठौर ने प्रशासन से आग्रह किया कि यदि उन्हें अनुमति मिले, तो वे बिना कोई मानदेय या फीस लिए यह काम करने को तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने मांग रखी कि दोनों दोषियों को फांसी देने से पहले गंगाजल से शुद्ध किया जाए।
यह पूरा घटनाक्रम मेरठ कोर्ट के उस ऐतिहासिक फैसले के बाद गरमाया है, जिसमें ब्रह्मपुरी के सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को 14 अक्टूबर को फांसी की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में छिपाने की खौफनाक साजिश सामने आई थी। वहीं दूसरे मामले में रविता ने अपने साथी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की हत्या की थी और वारदात को सांप के काटने से हुई मौत का रूप देने की कोशिश की थी। कोर्ट ने चारों को मौत की सजा सुनाई है, जिसके खिलाफ मुस्कान और साहिल ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
प्रशासन के सामने अनोखी मांग रखने वाली मीरा राठौर पहले भी अपने विवादित कदमों को लेकर सुर्खियों में रह चुकी हैं। इससे पूर्व वे ताजमहल से संबंधित परिसर में बैठकर पूजा करने और अभिनेता शाहरुख खान की जीभ काटने पर एक लाख रुपये के इनाम का ऐलान कर चर्चा में आई थीं। अब दोनों महिला हत्यारों को खुद फांसी देने की उनकी इस अजीबोगरीब अर्जी ने उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक और कानूनी हलकों में नई बहस छेड़ दी है।