थार और बाइक के लिए हैवान बना पति: पत्नी को सड़क पर बालों से घसीटकर पीटा, खौफनाक CCTV आया सामने

थार और बाइक के लिए हैवान बना पति: पत्नी को सड़क पर बालों से घसीटकर पीटा, खौफनाक CCTV आया सामने

पंजाब के लुधियाना स्थित जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव से रोंगटे खड़े कर देने वाला घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है। यहां एक पति ने पहले थार गाड़ी और फिर मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी को बीच सड़क पर बालों से पकड़कर घसीटा और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। 

पीड़िता ट्विंकल ने इस पूरी खौफनाक वारदात का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज जगतपुरी पुलिस चौकी को सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी पहले अपनी पत्नी को जोरदार थप्पड़ जड़ता है और फिर उसके बाल पकड़कर सड़क पर पटक देता है। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं होता और वह लगातार महिला पर लातें बरसाता रहता है।

पीड़िता ट्विंकल समराला चौक पर अपना सैलून चलाती हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पति अक्सर ताना मारता था कि जब वह सैलून से उससे ज्यादा कमाई करती है, तो उसके लिए थार गाड़ी क्यों नहीं खरीद सकती।

विवाद बढ़ने पर जब ट्विंकल जान बचाने और मदद मांगने के लिए पड़ोसियों के घर की तरफ भागीं, तो आरोपी पति ने सड़क पर ही उन्हें पकड़ लिया और बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसकी जान बचाई। दोनों की शादी नवंबर 2025 में हुई थी और पहली शादी से ट्विंकल का सात साल का एक बेटा भी है।

गाड़ी की मांग को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जिसे परिजनों ने उस वक्त समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। लेकिन कुछ ही समय बाद पति ने नई मोटरसाइकिल की जिद पकड़ ली, जिसके चलते विवाद एक बार फिर हिंसक रूप में सामने आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हैबोवाल थाने के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और पीड़िता की मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) का इंतजार किया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।