ममता पर भारी पड़ा प्यार: ममिया ससुर के साथ भागी 3 बच्चों की मां, थाने में रोते रहे मासूम पर नहीं पसीजी
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से पारिवारिक रिश्तों और ममता को शर्मसार कर देने वाला एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला अपने ही रिश्ते के ममिया ससुर के प्यार में इस कदर अंधी हो गई कि उसने बीमार पारिवारिक मर्यादाओं के साथ-साथ अपने मासूम बच्चों और पति को भी भुला दिया। 15 अगस्त से गायब चल रही महिला को जब पुलिस ने बरामद कर थाने बुलाया, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं, लेकिन महिला का दिल अपने बच्चों के आंसुओं को देखकर भी नहीं पिघला। वह अपने प्रेमी ससुर के साथ ही नई जिंदगी शुरू करने की जिद पर अड़ी रही, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश कर दिया।
घटनाक्रम मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बे से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि महिला का शाहजहांपुर जिले के कूंटा गांव निवासी एक युवक से लंबे समय से संपर्क था, जो रिश्ते में उसका ममिया ससुर लगता है। दोनों के बीच मोबाइल पर लंबी-लंबी बातें होती थीं और धीरे-धीरे यह बातचीत गहरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। इश्क परवान चढ़ने के बाद दोनों ने एक साथ रहने का ताना-बाना बुना और योजना बनाकर 15 अगस्त को महिला अचानक अपने घर से लापता हो गई।
पत्नी के बिना बताए गायब होने पर परेशान पति ने नाते-रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो उसने थक-हारकर स्थानीय कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को शाहजहांपुर क्षेत्र से ढूंढ निकाला और पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। महिला के मिलने की खबर पाकर उसका पति और तीनों मासूम बच्चे बदहवास हालत में थाने पहुंचे।
थाने के भीतर का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। बच्चे अपनी मां का पल्लू पकड़कर बिलखते रहे और घर लौट चलने की गुहार लगाते रहे। पिता ने भी बच्चों के भविष्य का वास्ता देकर उसे समझाने की हर मुमकिन कोशिश की। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी यह उम्मीद लगाए बैठे थे कि बच्चों के बहते आंसू शायद एक मां का दिल पिघला देंगे, परंतु महिला ने साफ शब्दों में कह दिया कि अब उसका परिवार से कोई वास्ता नहीं है और वह केवल अपने प्रेमी के साथ ही जाएगी। महिला के बालिग होने और अपने निर्णय पर अडिग रहने के चलते पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी पूरी कर उसे अदालत में पेश कर दिया।