5 से 17 नवंबर तक यूपी में 'नो लीव'! डीजीपी ने क्यों लिया ये कड़ा फैसला, क्या मिलने वाले हैं बड़े इनपुट?

5 से 17 नवंबर तक यूपी में 'नो लीव'! डीजीपी ने क्यों लिया ये कड़ा फैसला, क्या मिलने वाले हैं बड़े इनपुट?

दीपावली, धनतेरस और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर 5 से 17 नवंबर तक रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। आधिकारिक आदेश के तहत सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिसकर्मी को अवकाश नहीं मिलेगा, केवल अपरिहार्य या आपातकालीन परिस्थितियों में ही उच्चाधिकारियों की विशेष अनुमति से छुट्टी स्वीकृत की जा सकेगी।

डीजीपी ने सभी एडीजी, पुलिस कमिश्नर, आईजी, डीआईजी और जिला कप्तानों (एसएसपी/एसपी) को फील्ड में पुलिस गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सुरक्षा प्रबंधों, यक्ष एप की कार्यप्रणाली, गांडीव पोर्टल के इस्तेमाल, लंबित मामलों और शिकायतों के निस्तारण सहित गुमशुदा बच्चों की बरामदगी की समीक्षा की गई थी। आदेश के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा जांच और पुलिस की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है।

त्योहारी सुरक्षा व्यवस्था के तहत अमरोहा जिले में एसपी लखन सिंह यादव के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग और पैदल गश्त अभियान शुरू किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थानेदारों ने भारी पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले चौराहों और संवेदनशील इलाकों में मार्च किया। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, साथ ही संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने आमजन से किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

पुलिस को बड़ी सफलता लगी हाथ

चेकिंग अभियान के बीच चित्रकूट जिले के मारकुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एमपी सीमा की तरफ से आ रही एक बोलेरो गाड़ी को किहुनिया के पास मानिकपुर थाने की पुलिस टीम ने रोका। तलाशी लेने पर वाहन से दो क्विंटल से अधिक अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। चित्रकूट एसपी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, विस्फोटक से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज न दिखाने पर बोलेरो सवार दो आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन सहित विस्फोटक सामग्री को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।