हवा में उड़ते प्लेन में बम की धमकी: तेल अवीव से वियना जा रही फ्लाइट की बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिंग
इजरायल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रहे एक यात्री विमान में बम की सूचना मिलने से आसमान में सनसनी फैल गई। ऑस्ट्रियन एयरलाइंस के एयरबस A320 विमान में 51 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स समेत कुल 57 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान जब विमान रोमानिया के हवाई क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी कॉकपिट को बम होने की धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े होते ही आनन-फानन में पायलट ने विमान का रूट बदला और दक्षिण दिशा की ओर मुड़ते हुए बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में आपातकालीन लैंडिंग कराई। एयरपोर्ट पर उतरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सुरक्षा बलों ने पूरे विमान को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइट रडार 24 के डेटा के मुताबिक, इस विमान ने रात करीब 9:10 बजे रोमानियाई एयरस्पेस में प्रवेश किया था, लेकिन खतरे की सूचना मिलते ही यह बुल्गारिया की सीमा में लौट आया। ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म एडीएस-बी एक्सचेंज के अनुसार, खतरे की गंभीरता को देखते हुए विमान के ट्रांसपोंडर ने तुरंत सामान्य आपात स्थिति का संकेत देने वाला विशेष स्क्वॉक कोड '7700' प्रसारित करना शुरू कर दिया था। बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रोटोकॉल के तहत बुल्गारियाई वायुसेना ने यात्री विमान की सुरक्षा के लिए तुरंत एक मिग-29 फाइटर जेट रवाना किया, जिसने विमान को सुरक्षित सोफिया रनवे तक एस्कॉर्ट किया।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन क्षेत्र में यह हाल के दिनों का दूसरा बड़ा सुरक्षा संकट है। इससे पहले अक्टूबर के पहले सप्ताह में फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट को हाईजैक करने और क्रैश कराने की भयानक साजिश सामने आई थी। उस दौरान ओमानी को-पायलट हमान अल-हम्मामी ने मुख्य पायलट स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला कर विमान पर कब्जा करने और उसे तेल अवीव की एक गगनचुंबी इमारत से टकराने का प्रयास किया था। हालांकि पायलट स्मित की सूझबूझ और कॉकपिट में पहुंचे दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों व यात्रियों की बहादुरी से उस बड़ी साजिश को नाकाम कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई थी।