डायबिटीज मरीज खाना खाने से ठीक 30 मिनट पहले खा लें ये एक चीज, अचानक नहीं बढ़ेगा ब्लड शुगर

डायबिटीज मरीज खाना खाने से ठीक 30 मिनट पहले खा लें ये एक चीज, अचानक नहीं बढ़ेगा ब्लड शुगर

डायबिटीज यानी मधुमेह के मरीजों के लिए अपने खान-पान पर सख्त निगरानी रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। अमूमन देखा गया है कि खाली पेट की तुलना में भोजन करने के तुरंत बाद ब्लड शुगर लेवल तेजी से भागने लगता है, जिसे मेडिकल भाषा में 'शुगर स्पाइक' कहा जाता है। 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जब भी हम रोटी या चावल जैसे कार्बोहाइड्रेट युक्त खाद्य पदार्थ खाते हैं, तो पेट में पहुंचते ही वे तेजी से ग्लूकोज में तब्दील होने लगते हैं। एक स्वस्थ शरीर में पैंक्रियाज इस ग्लूकोज को संभालने के लिए तुरंत इंसुलिन का उत्पादन बढ़ाकर खून में रिलीज कर देता है, जिससे शुगर का स्तर नियंत्रित रहता है।

शुगर के मामलों में पैंक्रियाज या तो पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता या फिर शरीर की कोशिकाएं उस इंसुलिन पर प्रभावी रूप से प्रतिक्रिया नहीं दे पातीं। इसी समस्या का व्यावहारिक समाधान पेश करते हुए प्रसिद्ध हेल्थ एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक खास और बेहद आसान नुस्खा साझा किया है। उनका कहना है कि यदि भोजन करने से ठीक पहले शुगर स्पाइक को मैनेज कर लिया जाए, तो खाने के बाद ग्लूकोज के स्तर को बिगड़ने से पूरी तरह रोका जा सकता है।

डॉक्टर सलीम जैदी के अनुसार, दोपहर या रात का खाना खाने से करीब 30 मिनट पहले मुट्ठी भर बादाम का सेवन करने से पोस्ट-मील ब्लड शुगर अचानक ऊपर नहीं जाता। बादाम में मौजूद हेल्दी फैट्स, फाइबर और जरूरी पोषक तत्व पाचन प्रक्रिया को धीमा करते हैं और शरीर के इंसुलिन रिस्पॉन्स को पहले से ही सक्रिय कर देते हैं। भोजन से आधा घंटा पहले बादाम खाने की यह आदत शरीर को आने वाले ग्लूकोज को बेहतर तरीके से प्रोसेस करने के लिए तैयार करती है। 

हालांकि डॉक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह शोध मुख्य रूप से उन लोगों पर परखा गया था जिनका शुगर लेवल बॉर्डर लाइन यानी प्रीडायबिटीज की श्रेणी में था, लेकिन यह सामान्य डायबिटीज मरीजों में भी शुगर को स्थिर रखने में काफी मददगार साबित हो सकता है।