इसके आगे कंप्यूटर भी फेल! 24GB रैम, 1TB स्टोरेज और 8,400mAh की है दमदार बैटरी
गेमिंग के शौकीनों के लिए चीनी टेक ब्रांड Red Magic ने अपनी नई ताकतवर डिवाइस Red Magic 12 Pro+ को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। घरेलू बाजार चीन में एंट्री लेने वाला यह फ्लैगशिप गेमिंग स्मार्टफोन इंडस्ट्री की सबसे बड़ी 8,400mAh की विशाल बैटरी और क्वालकॉम के लेटेस्ट 2nm आर्किटेक्चर पर तैयार प्रोसेसर के साथ आता है, जो गेमर्स को बिना रुकावट घंटों तक हाई-एंड ग्राफिक्स पर खेलने की सहूलियत देता है। फोन का लुक बेहद फ्यूचरिस्टिक रखा गया है, जिसमें डार्क नाइट ट्रांसपेरेंट, सिल्वर विंग ट्रांसपेरेंट और आइस ब्लू ट्रांसपेरेंट जैसे यूनिक शेड्स शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी ने एक अल्ट्रा-प्रीमियम 'गोल्डन सागा' लिमिटेड एडिशन मॉडल की भी झलक दिखाई है, जो 24GB रैम और 1TB स्टोरेज के साथ आएगा, हालांकि इसकी उपलब्धता की तारीख अभी सामने नहीं आई है।
कीमत और स्टोरेज ऑप्शन्स की बात करें तो रेड मैजिक ने इसे तीन मुख्य वेरिएंट्स में उतारा है। इसके बेस मॉडल 12GB रैम + 256GB स्टोरेज की कीमत 6,999 चीनी युआन (करीब 99,000 रुपये) तय की गई है। मिड वेरिएंट 16GB रैम + 512GB स्टोरेज 7,999 युआन (लगभग 1,13,500 रुपये) में मिलेगा, जबकि टॉप-एंड 16GB रैम + 1TB स्टोरेज मॉडल की कीमत 8,999 युआन (लगभग 1,27,500 रुपये) रखी गई है। प्रीमियम फीचर्स और एक्सट्रीम परफॉर्मेंस हार्डवेयर को देखते हुए इसकी कीमत फ्लैगशिप सेगमेंट में रखी गई है।
डिस्प्ले और परफॉर्मेंस के मामले में यह फोन एक अलग ही बेंचमार्क स्थापित करता है। इसमें 6.85 इंच का 2K X11 OLED पैनल लगा है, जो 185Hz के अल्ट्रा-हाई रिफ्रेश रेट और 5,000 निट्स की जबर्दस्त पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। स्पीड के लिए फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 चिपसेट दिया गया है, जिसे स्मूथ विजुअल्स और लैग-फ्री गेमप्ले के लिए डेडिकेटेड R5 गेमिंग चिप और G1 डिस्प्ले चिप का बैकअप मिलता है। तेज मल्टीटास्किंग के लिए इसमें आधुनिक LPDDR5T रैम का इस्तेमाल किया गया है, जबकि हीटिंग को पूरी तरह कंट्रोल करने के लिए एक एडवांस्ड लिक्विड कूलिंग सिस्टम शामिल है।
100W वायर्ड और 80W वायरलेस फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस है डिवाइस
लंबे बैकअप के लिए दी गई 8,400mAh की बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए यह 100W वायर्ड और 80W वायरलेस फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस है। मजबूती के मामले में भी यह डिवाइस अव्वल है, जिसे डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस के लिए IP68 के साथ-साथ IP69 की डुअल रेटिंग मिली है, यानी पानी में डूबने पर भी यह पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। फोटोग्राफी के लिए रियर में ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन (OIS) सपोर्ट वाला 50MP का मुख्य लेंस और 50MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस मौजूद है, जबकि फ्रंट में 16MP का सेल्फी सेंसर दिया गया है। लेटेस्ट Android 17 पर आधारित RedMagic OS पर चलने वाले इस फोन में WiFi 7, ब्लूटूथ 5.3, एनएफसी और आईआर ब्लास्टर जैसे सभी जरूरी कनेक्टिविटी विकल्प दिए गए हैं।