छठ पूजा पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा झटका! 12 स्टेशनों पर लगा 'नो एंट्री' बोर्ड, जाने से पहले तुरंत पढ़ें ये नियम
छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों और रेलवे परिसरों में उमड़ने वाली बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर रेल मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। त्योहारी सीजन में सुरक्षित यात्रा और क्राउड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए मंडल के 12 प्रमुख स्टेशनों पर 12 नवंबर से 25 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पूरी तरह से बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस दौरान स्टेशन परिसर, वेटिंग एरिया और फुट ओवरब्रिज पर केवल वैध यात्रा टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, ताकि अनावश्यक भीड़ और किसी भी तरह की भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।
समस्तीपुर रेल मंडल के मीडिया प्रभारी आर. के. सिंह के अनुसार रेलवे की नई श्रेणीकरण सूची के तहत एनएसजी-2 और एनएसजी-3 श्रेणी में आने वाले स्टेशनों पर यह व्यवस्था सख्ती से लागू की जा रही है। एनएसजी-2 श्रेणी के अंतर्गत आने वाले समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म टिकट काउंटर पूरी तरह बंद रहेंगे। वहीं एनएसजी-3 श्रेणी में शामिल सहरसा, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सकरी, रक्सौल, बेतिया, मधुबनी, नरकटियागंज और सीतामढ़ी स्टेशनों पर भी 12 से 25 नवंबर तक किसी भी गैर-यात्री को प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं किया जाएगा।
दरअसल, छठ पूजा के दौरान दिल्ली, मुंबई, गुजरात और पंजाब समेत देश के विभिन्न राज्यों से बिहार लौटने और पर्व खत्म होने के बाद वापस काम पर जाने वाले यात्रियों का जबर्दस्त रेला देखने को मिलता है। इस दौरान यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने या स्टेशन से लेने आने वाले परिजनों के चलते प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों और ओवरब्रिज पर अत्यधिक दबाव बन जाता है। रेल प्रशासन का मानना है कि प्लेटफॉर्म टिकट पर अस्थाई पाबंदी लगाने से स्टेशनों पर अनावश्यक लोगों का प्रवेश रुकेगा और सफर करने वाले यात्रियों को आवागमन व ट्रेन पकड़ने में सहूलियत मिलेगी।