दिवाली और छठ पर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, 16 नवंबर तक अलर्ट मोड; सुरक्षा के लिए बनेगी QRT

दिवाली और छठ पर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, 16 नवंबर तक अलर्ट मोड; सुरक्षा के लिए बनेगी QRT

त्योहारी सीजन के मद्देनजर बिहार में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्यभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के तहत 6 नवंबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक किसी भी तरह के सामान्य अवकाश की मंजूरी नहीं मिलेगी। केवल बेहद गंभीर या विशेष आपातकालीन परिस्थितियों में ही सक्षम प्राधिकार द्वारा अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा।

अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) की ओर से जारी यह सख्त आदेश बिहार पुलिस के सभी प्रभागों को भेजा गया है। इसके दायरे में पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, विशेष शाखा, अभियान विंग, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP), रेल पुलिस, सीआईडी, आर्थिक अपराध इकाई (EOU) और एटीएस (ATS) समेत सभी प्रमुख विंग शामिल हैं। मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान बाजारों, संवेदनशील इलाकों और पूजा पंडालों में सांप्रदायिक सद्भाव और पुख्ता चौकसी बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

सुरक्षा के मोर्चे पर किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटने के लिए सभी कार्यालयों और थानों में तैनात कर्मियों को मिलाकर विशेष क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित करने का आदेश दिया गया है। सभी एसएसपी, एसपी और कमांडेंट को निर्देश दिया गया है कि वे इन क्यूआरटी टीमों को फील्ड में सक्रिय रखें। छठ महापर्व के दौरान राज्य के तमाम जिलों में गंगा घाटों, सरोवरों और प्रमुख रास्तों पर लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे नियंत्रित करने के लिए रेल पुलिस और स्थानीय थानों को चौबीसों घंटे हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।