यामी गौतम की 'नई नवेली' ने बॉक्स ऑफिस पर उड़ाया गर्दा, दो दिन में कमाए इतने करोड़

यामी गौतम की 'नई नवेली' ने बॉक्स ऑफिस पर उड़ाया गर्दा, दो दिन में कमाए इतने करोड़

यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' ने रिलीज के पहले दो दिनों में दुनियाभर में 10.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। फिल्म ने पहले दिन 4.60 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि दूसरे दिन कमाई उछलकर 5.70 करोड़ रुपये हो गई। शुरुआती दो दिन में आई इस बढ़त से फिल्म को लेकर उम्मीदें बंध गई हैं। निर्माताओं का कहना है कि त्योहारों के मौसम में दर्शकों का साथ मिला तो आने वाले दिनों में कारोबार और बढ़ सकता है। 

निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म की फैंटेसी से भरी कहानी और पारिवारिक मनोरंजन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रहे हैं। कहानी के केंद्र में अवस्थी परिवार है और यामी गौतम इसी परिवार की धुरी बनी हैं। पौराणिक कल्पनाओं, एक्शन, चौंकाने वाले मोड़ और अच्छाई-बुराई की जंग को मिलाकर कहानी को अलग अंदाज में पेश किया गया है।

अनोखे किरदारों और पारिवारिक भावनाओं के मेल से फिल्म दर्शकों को नए तरह का सिनेमाई अनुभव देने की कोशिश करती है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। यामी गौतम के साथ आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म के निर्माता आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा हैं, जबकि संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। अमेजन एमजीएम स्टूडियो और कलर येलो के सहयोग से बनी 'नई नवेली' फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है।