नेशनल हाईवे पर आधी रात को काल बनकर दौड़ा ट्रक; एक झटके में उजड़ गए 3 परिवार, हुई दर्दनाक मौत

नेशनल हाईवे पर आधी रात को काल बनकर दौड़ा ट्रक; एक झटके में उजड़ गए 3 परिवार, हुई दर्दनाक मौत

राजस्थान के सिरोही जिले में नेशनल हाईवे-27 पर मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आबूरोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत मावल कट के पास रात करीब 10:30 बजे पेश आया। आबूरोड से गुजरात के पालनपुर की ओर बढ़ रहे अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक छिटककर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया, जिससे हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आबूरोड थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़े तीनों युवकों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सरकारी उपजिला अस्पताल आबूरोड भिजवाया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में मृतकों की शिनाख्त देलवाड़ा (माउंट आबू) निवासी प्रकाश और शंकर तथा चारनिया फली (सातपुर, आबूरोड) निवासी दिनेश उर्फ विनय के रूप में हुई है। प्रकाश और शंकर आपस में पड़ोसी थे, जबकि दिनेश उनका करीबी दोस्त था। तीनों युवक मजदूरी कर अपने-अपने परिवारों का आर्थिक सहारा बने हुए थे और अविवाहित थे।

इस दुखद हादसे की खबर घर पहुंचते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, प्रकाश मंगलवार शाम बिना कुछ बताए घर से निकला था और आधी रात को उसकी मौत की मनहूस खबर आई। प्रकाश के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका था और उसके परिवार में तीन विवाहित भाई व चार बहनें हैं। वहीं दिनेश के सिर से भी पिता का साया पहले ही उठ चुका था और वह अपनी बुजुर्ग मां का एकमात्र सहारा था। तीसरे मृतक शंकर की मां का भी पूर्व में निधन हो चुका था और उसके पिता अकेले मजदूरी कर परिवार चला रहे हैं। एक साथ तीन नौजवानों की असमय मौत से पूरे देलवाड़ा और सातपुर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

आबूरोड थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया है और मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।