'योगी से बैर नहीं, नगर निगम की खैर नहीं', लखनऊ में पानी और सीवर संकट पर फूटा BJP कार्यकर्ताओं का गुस्सा

'योगी से बैर नहीं, नगर निगम की खैर नहीं', लखनऊ में पानी और सीवर संकट पर फूटा BJP कार्यकर्ताओं का गुस्सा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के भदरूख इलाके में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की खस्ताहाली से आजिज आकर सोमवार को स्थानीय निवासियों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

पानी की भारी किल्लत और चोक सीवर लाइनों की समस्या से त्रस्त होकर सैकड़ों लोग बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर नगर निगम जोन 8 के कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ‘योगी जी से बैर नहीं, नगर निगम की खैर नहीं’ के तीखे नारे लगाए।

पानी की किल्लत और सीवर जाम से बेहाल भदरूख क्षेत्र

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे भाजपा जिला मंत्री संजीव मिश्रा ने प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भदरूख क्षेत्र की सैकड़ों आबादी महीनों से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। घरों में पीने का पानी न पहुंचने से दैनिक दिनचर्या पूरी तरह ठप हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ सीवर लाइनों की नियमित सफाई न होने के चलते नालियों का गंदा पानी सड़कों और गलियों में बह रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिक बार-बार लिखित और मौखिक शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन न तो जल निगम के कानों पर जूं रेंग रही है और न ही नगर निगम के अफसर कोई ठोस कदम उठा रहे हैं।

कूड़े के ढेर और जर्जर सड़कों से बढ़ी दुर्घटनाएं

प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने इलाके की बदहाली का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए कहा कि समय पर सफाई और कूड़ा उठान न होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लग चुके हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा गड्ढों में तब्दील हो चुकी जर्जर सड़कों की वजह से हर दिन राहगीर और वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी जनता के बुनियादी अधिकारों को लेकर पूरी तरह लापरवाह और उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं।