खौफनाक वारदात: 'खाना खा लो' कहना पिता को पड़ा भारी, सिरफिरे बेटे ने कुल्हाड़ी से चीर डाला
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी अब्दुल मजीद खां मोहल्ले में मंगलवार को एक कलयुगी बेटे ने मामूली सी बात पर अपने 55 वर्षीय पिता मोहम्मद अहमद अंसारी की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी।
मूल रूप से बरेली के रहने वाले मोहम्मद अहमद पिछले दो दशकों से फर्रुखाबाद में सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। घटना के वक्त वह घर पर लेटे हुए थे और उन्होंने अपने बड़े बेटे मोहम्मद अली उर्फ अल्लारक्खा से खाना खाने के लिए कहा। बार-बार भोजन के लिए टोकने से झुंझलाए बेटे का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बहन के हाथ से कुल्हाड़ी छीनकर सीधे पिता के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। आनन-फानन में छोटा बेटा शाहबाज लहूलुहान पिता को लेकर डॉ. राममनोहर लोहिया (ब्रह्मदत्त द्विवेदी) अस्पताल पहुंचा, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद उनकी सांसें थम गईं।
वारदात की सूचना मिलते ही यूपी-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। मृतक के दूसरे बेटे शाहनवाज खान की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी बेटे मोहम्मद अली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे दबोच लिया। शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत के अनुसार, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है और उपनिरीक्षक राजेश कुमार पूरे मामले की बारीकी से विवेचना कर रहे हैं। परिजनों ने खुलासा किया कि आरोपी मोहम्मद अली का मानसिक संतुलन पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं रहता था और वह अक्सर हिंसक हो जाता था। उसका इलाज फतेहगढ़ में डॉ. मंजीत गंगवार के यहां चल रहा था और पिता हाल ही में उसकी दवा के सिलसिले में राजस्थान के बीकानेर तक गए थे, लेकिन उसी बेटे ने बेरहमी से पिता की जान ले ली जिससे पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।