होटल के कमरे में प्रेमिका के साथ था दो बच्चों का पिता, 'पावर वाली गोली' लेते ही मच गई चीख-पुकार!

होटल के कमरे में प्रेमिका के साथ था दो बच्चों का पिता, 'पावर वाली गोली' लेते ही मच गई चीख-पुकार!

हल्द्वानी शहर के एक होटल में दिल्ली से आई महिला मित्र के साथ ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुरुआती जांच और फॉरेंसिक पड़ताल में सामने आया है कि युवक ने एक नामी ब्रांड की शक्तिवर्धक दवा की अत्यधिक खुराक (ओवरडोज) ले ली थी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने होटल के कमरे से दवाएं बरामद कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गौला गेट राजपुरा निवासी मृतक पेशे से डेंटर था और शादीशुदा होने के साथ ही दो बच्चों का पिता था। उसका दिल्ली की रहने वाली 30 वर्षीय एक विवाहित महिला से पुराना प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके भी दो बच्चे हैं। युवक के बुलावे पर महिला मंगलवार शाम दिल्ली से बस पकड़कर उससे मिलने हल्द्वानी पहुंची थी। इसके बाद दोनों ने शहर के बीचों-बीच स्थित एक होटल में कमरा बुक किया था।

होटल में रुकने के दौरान देर रात युवक ने शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह बेसुध होकर गिर पड़ा। घबराई महिला ने तुरंत होटल स्टाफ को आवाज दी और उनकी मदद से युवक को आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। एसएचओ विजय सिंह मेहता ने बताया कि संबंधित महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एके सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण शक्तिवर्धक दवाओं का ओवरडोज नजर आ रहा है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह पूरी तरह साफ हो सकेगी।