यूपी वालों हो जाओ सावधान; अगले 24 घंटे में पलटने वाला है मौसम, झमाझम बारिश के साथ लौटेगी ठंड

यूपी वालों हो जाओ सावधान; अगले 24 घंटे में पलटने वाला है मौसम, झमाझम बारिश के साथ लौटेगी ठंड

यूपी में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसमी हलचल तेज होने जा रही है। उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बन रहे एक नए और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से सूबे का मौसम करवट लेने के लिए तैयार है। मौसम साइंटिस्टों के अनुसार, अगले चौबीस घंटे तक तो आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा, मगर उसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बादलों की आवाजाही और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश का ताजा दौर शुरू हो सकता है।

इस मौसमी उलटफेर का प्रभाव 15 और 16 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के साथ-साथ दिल्ली से सटे एनसीआर, आगरा और सहारनपुर के इलाकों में सबसे पहले नजर आएगा। इसके बाद 16 अक्टूबर को बादलों का दायरा आगे बढ़ते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों, मध्यवर्ती शहरों और राजधानी लखनऊ तक फैल सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के चलते दिन व रात के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह-शाम गुलाबी ठंडक का अहसास बढ़ेगा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, इस नए मौसमी तंत्र का प्रभाव सीमित क्षेत्रों में ही अधिक देखने को मिलेगा। राहत की बात ये है कि महकमे ने किसी बड़े जलभराव या मूसलाधार बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। राज्य के सभी हिस्सों में एक समान बारिश होने की उम्मीद नहीं है, बल्कि तराई बेल्ट और चुनिंदा मध्यवर्ती इलाकों में रुक-रुक कर बौछारें पड़ने के आसार हैं। आगामी पूर्वानुमानों में प्रभावित तहसीलों और जिलों की सटीक स्थिति और साफ कर दी जाएगी।

मौसम महकमे ने यह भी स्पष्ट किया है कि बादलों की यह सक्रियता ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 17 अक्टूबर के बाद मौसमी चक्र आगे निकल जाएगा और समूचे उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थम जाएंगी। इसके बाद आसमान साफ होने के साथ ही प्रदेश का मौसम दोबारा पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और धीरे-धीरे ठंड का असर रफ्तार पकड़ने लगेगा।