दिवाली से पहले 95 हजार घरों का चूल्हा बुझा! कहीं आपका LPG कनेक्शन भी तो ब्लॉक नहीं हो गया
दिवाली के त्योहार से ठीक पहले रसोई गैस (LPG) ग्राहकों को बड़ा झटका लगा है। जिले में ई-केवाईसी (e-KYC) की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले 95 हजार से ज्यादा ग्राहकों के गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं जिससे उनकी रसोई में अचानक संकट खड़ा हो गया है। गैस बुकिंग रद्द होने के मैसेज मिलने के बाद अब उपभोक्ता अपनी संबंधित एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
दरअसल 30 सितंबर की डेडलाइन खत्म होने के बाद उन सभी ग्राहकों की बुकिंग रोक दी गई है जिन्होंने अनिवार्य केवाईसी अपडेट नहीं की थी। हालांकि राहत की बात यह है कि 1 अक्टूबर से जो भी ग्राहक अपनी ई-केवाईसी पूरी कर रहे हैं, उनके कनेक्शन तुरंत खोले जा रहे हैं और बुकिंग भी स्वीकार होने लगी है।
आंकड़ों के मुताबिक जिले में पहले 1,00,104 उपभोक्ताओं ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की थी। सख्ती के बाद पांच हजार से ज्यादा लोगों ने केवाईसी करवाकर अपना कनेक्शन दोबारा बहाल करवा लिया है, लेकिन अब भी 95,104 उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका गैस सिलेंडर केवाईसी के अभाव में अटका पड़ा है। आपूर्ति विभाग का साफ कहना है कि जिले में काम कर रहीं 70 विभिन्न तेल कंपनियों की गैस एजेंसियों पर जाकर ग्राहक तुरंत अपनी ई-केवाईसी पूरी करा सकते हैं। जब तक यह काम पूरा नहीं होगा, न तो नया सिलेंडर बुक होगा और न ही गैस मिलेगी।
जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के मुताबिक इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य असली लाभार्थियों की पहचान करना और डुप्लीकेट या फर्जी गैस कनेक्शनों पर पूरी तरह लगाम लगाना है। इसी प्रक्रिया के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गैस सब्सिडी का पैसा सीधे सही और पात्र ग्राहक के बैंक खाते में ही पहुंचे। इसलिए अगर आप भी त्योहारी सीजन में गैस संकट से बचना चाहते हैं, तो बिना देरी किए अपनी गैस एजेंसी जाकर इस अनिवार्य प्रक्रिया को पूरा कर लें।