देहरादून में भारी बवाल! 3 मंजिला मस्जिद को लेकर हिंदू दल भड़का
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के शिमला बाईपास स्थित सेवला कलां इलाके में मंगलवार को एक धार्मिक स्थल (मस्जिद) के निर्माण कार्य को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। सड़क पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर काम को फौरन रुकवा दिया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ता देख एमडीडीए (MDDA), पुलिस और नगर निगम के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने दावा किया कि इस जगह पर साल 2017 से लगातार अवैध निर्माण चल रहा है और अब यह इमारत तीसरी मंजिल तक पहुंच गई है, जिससे रास्ता भी बंद हो रहा है।
उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर पूरे निर्माण की जांच कर एक हफ्ते के भीतर इसे नहीं तोड़ा गया, तो संगठन बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करेगा। इस विरोध प्रदर्शन में आशीष बलूनी, रोहित मौर्य, राघव उपाध्याय और यशवंत मौर्य समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं विवाद के दूसरे पहलू पर बात करते हुए मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी और उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने बजरंग दल के सभी आरोपों को पूरी तरह भ्रामक और गलत बताया है।
मुस्लिम पक्ष का स्पष्ट कहना है कि मौके पर कोई भी नया निर्माण नहीं किया जा रहा था, बल्कि लिंटर (छत) से पानी टपकने के कारण वहां सिर्फ सीमेंट डालने का मरम्मत कार्य चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि यह धार्मिक स्थल पूरी तरह वैध है, नियमों के तहत बना है और संबंधित प्राधिकरण को इसके सारे कानूनी दस्तावेज भी दिखा दिए गए हैं। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण के स्तर से अवैध निर्माण की शिकायत का संज्ञान लिया गया है और नियमों के तहत निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की जा रही है।